डबरा
मलबे में दबकर मजदूर गंभीर; ग्वालियर रेफर
डबरा (HRIDAY STAMBH): शहर के मुख्य व्यावसायिक क्षेत्र सराफा बाजार में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला पुराने मकान को तोड़ते समय अचानक उसकी भरभराकर दीवार गिर गई। हादसे के दौरान मलबे में दबने से वहां काम कर रहा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मकान मालिक नीखरा जी के मकान पर चल रहा था काम
यह हादसा सराफा बाजार स्थित व्यवसायी नीखरा जी के मकान पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ। पुराने ढांचे को बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के तोड़ा जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपरी हिस्से की दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
हादसे के वक्त मौके पर काम कर रहे मजदूर बाबूलाल अहिरवार मलबे की चपेट में आ गए और भारी पत्थरों व ईंटों के नीचे बुरी तरह दब गए।
नाजुक हालत में ग्वालियर रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मकान मालिक की मदद से मलबे में दबे मजदूर बाबूलाल को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें डबरा के स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, सिर और शरीर में आई गंभीर चोटों व नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत ग्वालियर मेडिकल कॉलेज (JAH) रेफर कर दिया।
परिजनों में भारी आक्रोश, सुरक्षा मानकों की उड़ीं धज्जियां
घटना की जानकारी मिलते ही घायल मजदूर के परिजन अस्पताल और मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद से परिजनों में मकान मालिक और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाकों में बिना किसी सुरक्षा जाल, हेलमेट या सुरक्षा उपायों के बहुमंजिला इमारतों का निर्माण व तोड़फोड़ की जा रही है, जिससे हर समय बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। फिलहाल, प्रशासन से निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन कराने की मांग की जा रही है।
dabra news sarafa bazar hadsa
