डबरा में पुलिस चौकी के सामने लोडिंग वाहन की टक्कर से बेरीकेड्स बाइक सवार पर गिरा

डबरा/भितरवार

डबरा

युवक की हालत गंभीर; परिजनों ने किया चक्काजाम

डबरा (HRIDAY STAMBH): डबरा के व्यस्ततम शुगरमिल चौराहे पर पुलिस चौकी के ठीक सामने रविवार को प्रशासनिक लापरवाही के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौराहे पर भारी वाहनों की रोकथाम के लिए बिना किसी निगरानी या सुरक्षा मानकों के रखे गए लोहे के बेरीकेड्स में एक अनियंत्रित तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के जबरदस्त प्रभाव से भारी बेरीकेड्स उछलकर वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पार्सल डिलीवरी के लिए निकला था युवक

हादसे में घायल युवक की पहचान ग्राम सालबई निवासी सतीश जाटव (30 वर्ष), पुत्र मातादीन जाटव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सतीश फोटो प्रिंटिंग का काम करता है और घटना के वक्त वह एक पार्सल की डिलीवरी देने जा रहा था। बेरीकेड्स गिरते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।

डायल 112 और प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि हादसे के वक्त डायल 112 की गाड़ी वहां तैनात थी, लेकिन पुलिसकर्मी घायल की मदद करने के बजाय चुपचाप मौके से रवाना हो गए।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि बिना किसी सुरक्षा संकेत या पुलिस बल की मौजूदगी के रखे गए ये बेरीकेड्स पहले भी कई बार वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।

परिजनों और ग्रामीणों का चौराहे पर चक्काजाम

हादसे की खबर मिलते ही घायल के परिजन और भारी संख्या में स्थानीय लोग शुगरमिल चौराहे पर एकत्र हो गए। पुलिस की संवेदनहीनता और प्रशासनिक लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने चौराहे पर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ड्यूटी पर तैनात लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। चक्काजाम के कारण चौराहे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे बहाल कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर समझाइश देने पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *