दतिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 फरवरी 2026 को दतिया जिले के अनुभाग सेवढ़ा पहुुंचकर सिंध नदी पर नवनिर्मित ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने हेतु कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा के साथ आज बुधवार को सेवढ़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, मुख्य कार्यक्रम स्थल एवं सनकुंआ धाम स्थित सिंध नदी पर नवनिर्मित ब्रिज का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएँ। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं आमजन की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। हेलीपैड एवं सुरक्षा व्यवस्था कलेक्टर ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के मद्देनज़र पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट प्लान एवं भीड़ नियंत्रण की रूपरेखा पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएँ कलेक्टर ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, मीडिया गैलरी एवं प्रवेश-निकास मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आम नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था की जाए तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जाएँ। पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था कलेक्टर श्री वानखड़े ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। टैंकरों, पानी के कूलर एवं अस्थायी जल स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छता के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं साफ-सफाई कर्मियों की तैनाती करने को कहा गया। विद्युत एवं तकनीकी प्रबंध उन्होंने विद्युत आपूर्ति निर्बाध रहे इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था (जनरेटर) रखने के निर्देश दिए गए। संपूर्ण कार्यक्रम स्थल पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, मंच पर आवश्यक विद्युत कनेक्शन तथा तकनीकी उपकरणों की पूर्व जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सनकुंआ धाम सिंध नदी स्थित नवनिर्मित ब्रिज का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं आवागमन की सुगमता का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल, एसडीएम सेवढ़ा श्री अशोक अवस्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
