दतिया
आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए आज कलेक्टर सभाकक्ष में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में होली, गुड़ी पड़वा, चौती चांद, ईद, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, परशुराम जयंती, रामनवमी एवं अंबेडकर जयंती सहित विभिन्न त्यौहारों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वप्रथम कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने समाजसेवियों की राय एवं सुझाव सुने। कलेक्टर श्री वानखड़े ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने नगरपालिका अधिकारी को पेयजल, स्वच्छता एवं आवश्यकतानुसार टैंकर की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जहां-जहां होलिका दहन होना है, वहां पूर्व से ही बिजली के तारों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कलेक्टर ने समाजसेवियों से आग्रह किया कि किसी भी त्यौहार पर रैली या जुलूस प्रस्तावित हो तो उसकी पूर्व सूचना प्रशासन को दें, जिससे कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध सुदृढ़ किए जा सकें। उन्होंने त्यौहारों के दौरान केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग न करने और केवल गुलाल का उपयोग करने की अपील की। साथ ही सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक संपन्न कर आवश्यकता रणनीति बनाने के निर्देश दिए। होमगार्ड विभाग को आवश्यकतानुसार गोताखोर तैनात करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सकों की ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा एंबुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि त्यौहारों के दौरान अतिरिक्त पेट्रोलिंग की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए ड्राइ-डे भी घोषित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने समाजसेवियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की आशंका या सूचना तत्काल प्रशासन को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में सभी त्यौहार आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे।
