तिगरा में बगिया सरकार हनुमान मंदिर पर 108 अखंड रामायण पाठ का अनुष्ठान जारी

दतिया

दतिया

तिगरा में आस्था का अद्भुत संगम

दतिया (BIG NEWS): ग्राम तिगरा में प्रसिद्ध बगिया सरकार हनुमान मंदिर में आजकल आस्था का अद्भुत संगम फैला हुआ है जहाँ 108 अखंड रामायण पाठ का भव्य आयोजन निरंतर रूप से जारी है

ग्राम तिगरा में स्थित प्रसिद्ध बगिया सरकार हनुमान मंदिर इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। यहां 108 अखंड रामायण पाठ का भव्य आयोजन निरंतर जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

19 जनवरी से शुरू हुआ पावन आयोजन

बगिया सरकार समिति के सदस्य नन्ना पुजारी, छुन्नू पुजारी ,भगवान सिंह, महिपाल सिंह, नवाब सिंह और अभय पुजारी सहित अन्य ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धार्मिक आयोजन 19 जनवरी 2026 से विधिवत प्रारंभ हुआ था। तब से लगातार रामचरितमानस का अखंड पाठ किया जा रहा है, जो पूरे गांव में धार्मिक वातावरण बना रहा है।

श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़

इस आयोजन में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण किया जा रहा है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पुण्य लाभ ले रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और राम नाम की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

गांव में बढ़ी सामाजिक एकता

मंदिर पर आए भक्त आशुतोष बघेल ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य केवल पूजा पाठ तक सीमित नही है बल्कि पूरे क्षेत्र में शांति ,सद्भाव ,आपसी भाईचारा और सुख संपदा का माहौल निर्मित करना है

समापन पर होगा भव्य कार्यक्रम

समिति के अनुसार, 108 अखंड रामायण पाठ के पूर्ण होने पर विशेष हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा। यह आयोजन तिगरा गांव के लिए गर्व का विषय बन गया है और श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *