मुंबई
नासिक, पुणे और शिरडी में 11 ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की ठगी और वित्तीय अनियमितताओं के भी संकेत
महाराष्ट्र के नासिक से सामने आया भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात का मामला अब देश के बड़े सेक्स और ब्लैकमेलिंग स्कैंडलों में शुमार हो गया है। तंत्र-मंत्र और भविष्यवाणी के नाम पर महिलाओं के यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की ठगी के गंभीर आरोपों ने इस केस को बेहद संवेदनशील बना दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच अपने हाथ में ले ली है और कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी ने अशोक खरात और उसके सहयोगियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने नासिक में पांच, पुणे में तीन और शिरडी में तीन स्थानों पर दबिश दी। छापों के दौरान बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल सबूत और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात जब्त कर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि मामला केवल यौन अपराधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से भी जुड़े हो सकते हैं। ईडी की इस कार्रवाई के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
