फ्रांस में महंगाई और शिक्षा बजट पर उबाल, सड़कों पर उतरे 4.10 लाख लोग

देश विदेश

पेरिस

प्रदर्शनों में 1,000 गिरफ्तार, 70 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात, मैक्रों सरकार पर बढ़ा दबाव

पेरिस। महंगाई और स्कूलों के बजट में कटौती के खिलाफ फ्रांस में जनआक्रोश सड़कों पर उतर आया। देशभर में करीब 4.10 लाख लोगों ने प्रदर्शन किया, जबकि राजधानी पेरिस में ही लगभग 1.10 लाख लोग सड़कों पर उतरे। कई जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, हिंसा के दौरान करीब 1,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया। लगातार बढ़ते विरोध प्रदर्शनों ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

प्रदर्शनों के मद्देनजर पूरे देश में करीब 70 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि काले कपड़े पहने कुछ समूहों के साथ पुलिस की गंभीर झड़पें हुईं। उन्होंने इन समूहों को अति-वामपंथी चरमपंथी बताया। पेरिस में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।

बजट कटौती के खिलाफ आर-पार की लड़ाई

प्रदर्शनकारियों की मुख्य नाराजगी महंगाई और शिक्षा सहित सार्वजनिक सेवाओं के लिए प्रस्तावित बजट में कटौती को लेकर है। ट्रेड यूनियनों और छात्र संगठनों ने सरकार से बजट संबंधी फैसले वापस लेने और स्कूलों समेत जरूरी सेवाओं के लिए अधिक धन उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रदर्शन में मैक्रों सरकार और पुलिस के खिलाफ नारे लिखे पोस्टर भी दिखाई दिए। यूनियनों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

चुनाव से पहले मैक्रों की बढ़ी मुश्किलें

फ्रांस में मई 2027 में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। ऐसे में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों से सरकार पर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है। सरकार ने पुलिस को मुख्य शहरी इलाकों, दुकानों और कारोबारी क्षेत्रों में हिंसा रोकने के निर्देश दिए हैं। मैक्रों ने ट्रेड यूनियनों से असंबद्ध कुछ प्रदर्शनों पर रोक लगाने की भी बात कही है।

एक सप्ताह पहले फ्रांस के कई शहरों में हिंसा, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हुई थीं। ताजा प्रदर्शनों ने कानून-व्यवस्था के साथ सरकार के आर्थिक फैसलों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि मैक्रों सरकार जनदबाव के आगे बजट नीति में बदलाव करती है या विरोध और तेज होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *