भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जीआईएस-2027 के लिए किया आमंत्रित, कपड़ा, ऊर्जा, पर्यटन और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश पर चर्चा
भोपाल । मध्यप्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आंध्र प्रदेश में प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश की निवेश अनुकूल नीतियों और औद्योगिक अवसरों की जानकारी देते हुए उद्योग स्थापित करने का आग्रह किया। साथ ही भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 (जीआईएस) में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 25 सरल नीतियां लागू की गई हैं। धार में पीएम मित्र पार्क, ग्वालियर में टेलीकॉम विनिर्माण इकाई और जबलपुर-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं औद्योगिक विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से एक-तिहाई प्रस्तावों पर काम शुरू हो चुका है।
कई क्षेत्रों में निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने कपड़ा उद्योग के निवेशकों से धार के पीएम मित्र पार्क और कपास उत्पादक क्षेत्रों में इकाइयां स्थापित करने पर चर्चा की। स्पिनिंग, बुनाई, होम टेक्सटाइल और प्रसंस्करण के अलावा कृषि सामग्री, जैव उर्वरक और लॉजिस्टिक्स में निवेश की संभावनाएं भी तलाशी गईं। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में दाल मिल तथा कॉफी की ब्लेंडिंग, पैकिंग और वितरण केंद्र स्थापित करने पर विचार हुआ।
इंजीनियरिंग, खनन, सीमेंट और बिजली उद्योगों से जुड़ी इकाइयों के साथ-साथ सौर ऊर्जा, बैटरी भंडारण, टेलीकॉम, रेलवे और सिंचाई अधोसंरचना में निवेश पर भी चर्चा की गई। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन, इंदौर और ओंकारेश्वर में होटल तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया गया।
स्टार्टअप और विदेशी निवेश पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने खाड़ी देशों के निवेशकों और प्रवासी भारतीयों को मध्यप्रदेश से जोड़ने तथा प्रदेश के स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा की। आंध्र प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री फेडरेशन के अध्यक्ष पोतलूरी भास्कर राव को व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ जीआईएस-2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।
विजयवाड़ा में मुख्यमंत्री की अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना से भी मुलाकात हुई। उन्होंने मध्यप्रदेश की फिल्म-अनुकूल नीतियों और शूटिंग सुविधाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से भी भेंट की।

