डबरा,
डबरा(HRIDAY STAMBH);शहर के वार्ड क्रमांक 26 स्थित बनखंडेश्वर स्कूल के पास संचालित आंगनबाड़ी केंद्र से शुरू हुआ एक मामूली विवाद पुलिस थाने के भीतर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। पुलिस स्टेशन परिसर में अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद हुई इस अभद्रता का वीडियो वायरल होते ही शहर में तनाव फैल गया। मामले से आक्रोशित ब्राह्मण समाज के लोगों ने डबरा थाने का घेराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आंगनबाड़ी से शुरू हुआ पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, बनखंडेश्वर स्कूल के पास आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता मंजू सोनी और सहायिका नेहा तिवारी के बीच किसी बात पर बहस हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान जिवलेश जाटव और केदार बघेल वहां पहुंचे और मामले को और भड़का दिया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराने डबरा थाने पहुंचे थे।
पुलिसकर्मियों के सामने खोया आपा
डबरा थाने में जब पुलिस अधिकारी दोनों पक्षों की बात सुन रहे थे, तभी आरोपी जिवलेश जाटव और केदार बघेल उग्र हो गए। उन्होंने सहायिका के ससुर प्रदीप तिवारी और पति सौरभ तिवारी के साथ पुलिस के सामने ही अभद्रता व गाली-गलौज शुरू कर दी और खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।
वीडियो वायरल होने पर थाने का घेराव
थाने के अंदर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही ब्राह्मण समाज में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में एकत्र होकर लोगों ने डबरा थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
तनाव बढ़ता देख एसडीओपी सौरभ कुमार, एडिशनल एसपी जयराज कुबेर और थाना प्रभारी संजय शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से वार्ता कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी जिवलेश जाटव और केदार बघेल के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

