डबरा।
तहसील के पिछोर तिराहे पर संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों और महिलाओं द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि रिहाइशी इलाके में शराब दुकान संचालित होने से उनकी बस्ती का माहौल खराब हो रहा है और आम जनजीवन प्रभावित है। इस पूरी घटना और आक्रोशित महिलाओं के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
महिलाओं और बच्चियों का निकलना हुआ दूभर
स्थानिक निवासियों के अनुसार, शराब दुकान के आसपास और मुख्य रास्ते पर बने खान-पान के ठेलों पर लोग सरेआम शराब का सेवन करते हैं। इसके चलते वहां से गुजरने वाली महिलाओं, छात्राओं और बच्चियों को फब्तियां और अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। सुरक्षा और सम्मानजनक माहौल की मांग को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और दुकान को तत्काल किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
अधिकारियों ने दिया था आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम, एसडीओपी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और माहौल शांत कराने के लिए दो मुख्य आश्वासन दिए थे जिसमे मुख्य रास्ते और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शराब दुकान के आसपास अवैध रूप से लगने वाले खान-पान और अस्थाई ठेलों को तुरंत हटाया जाएगा।
दो दिन बाद भी नहीं बदले हालात, आश्वासन पर उठे सवाल
प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी धरातल पर कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। प्रदर्शन के दो दिन बीत जाने के बाद भी शराब दुकान के आसपास का नजारा वैसा ही है। मुख्य मार्ग और आसपास के ठेलों पर बेखौफ होकर लोग शराब पीते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन की ढिलाई के कारण स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों पर अब क्षेत्रवासियों द्वारा सवाल खड़े किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थाई कार्रवाई करते हुए शराब दुकान को बस्ती से दूर नहीं हटाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


