डबरा
पिकनिक मनाने दोस्तों संग आया था भितरवार
डबरा (HRIDAY STAMBH): प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल धूमेश्वर धाम स्थित सिंध नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्वालियर से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भितरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पानी के तेज बहाव और गहराई से बिगड़ा संतुलन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के मुरार क्षेत्र का निवासी मुकेश जाटव अपने दोस्तों के साथ वीकेंड पर भितरवार स्थित प्रसिद्ध धूमेश्वर धाम मंदिर दर्शन करने और पिकनिक मनाने आया था। इस दौरान सभी दोस्त सिंध नदी के किनारे नहाने के लिए पानी में उतरे।
नहाते समय अचानक नदी के तेज बहाव और पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण मुकेश का संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। साथ आए दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण मुकेश देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
पुलिस और रेस्क्यू टीम तलाश में जुटी
युवक के डूबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल भितरवार थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय गोताखोरों एवं रेस्क्यू टीम की मदद से नदी में शव की तलाश शुरू करवा दी।
भितरवार पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
