गुना
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी; मामला दर्ज
गुना (NEWS UPDATE): शहर में एक 25 वर्षीय ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ सामूहिक प्रताड़ना और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने उसे जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म (Rape) किया, वहीं दूसरे युवक ने पुलिस में शिकायत करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 25 वर्षीय पीड़िता शहर की एक कॉलोनी में अपने बेटे के साथ किराए के मकान में रहती है और ब्यूटी पार्लर का काम करती है। उसी मकान में उसकी एक परिचित महिला भी रहती है। 5 सितंबर की शाम को परिचित महिला से मिलने दो युवक वहां पहुंचे थे।
कमरे में शराब पार्टी के दौरान पीड़िता को भी जबरन शराब पिलाई गई। कुछ देर बाद परिचित महिला और एक युवक कमरे से बाहर चले गए। इसका फायदा उठाकर दूसरे युवक ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की की गई और उसे जमीन पर गिराकर दुष्कर्म किया गया।
शिकायत करने पर मारपीट और धमकी
घटना के बाद पीड़िता ने बाहर आकर वहां मौजूद लोगों को आपबीती बताई। जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही, तो दूसरे युवक ने उसके साथ मारपीट की और शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। इसी बीच एक परिचित व्यक्ति ने बीच-बचाव कर युवती को वहां से निकाला।
पूर्व पति को दी जानकारी, पुलिस ने स्टेशन से किया दस्तयाब
चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता ने अपने पूर्व पति को मैसेज कर पूरी घटना की जानकारी दी और रेलवे स्टेशन पहुंच गई। सूचना मिलते ही पूर्व पति पुलिस को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचा और युवती को सिटी कोतवाली लेकर आया।
पुलिस की कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
