भितरवार
किसानों के खिले चेहरे
भितरवार (HRIDAY STAMBH): हरसी बांध में पानी की तेज आवक जारी है। जलस्तर 263.34 मीटर पहुंच गया है और बांध 80.05% भर चुका है। अंचल में लगातार हो रही बारिश से भितरवार स्थित ऐतिहासिक हरसी बांध (Harsi Dam) का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बांध में पानी की लगातार आवक से इसका जलस्तर बढ़कर 263.34 मीटर पहुंच गया है।
लगातार हो रही पानी की आवक
जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में हरसी बांध में 154.20 एमसीएम (MCM) पानी उपलब्ध है। ऊपरी इलाकों से आ रहे पानी के कारण फीडर कैनाल से करीब 40 क्यूमेक पानी की आवक लगातार जारी है।
पूर्ण जलस्तर (FTL) के करीब पहुंचा बांध
हरसी बांध का फुल टैंक लेवल (FTL) 264.93 मीटर निर्धारित है। बांध का जलस्तर 263.34 मीटर तक पहुंचने के बाद अब यह अपने फुल लेवल से महज कुछ ही मीटर दूर है। पानी का स्तर 80% से अधिक होने के बाद बांध प्रबंधन स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है।
किसानों को मिलेगी सिंचाई में राहत
हरसी बांध में पर्याप्त पानी जमा होने से ग्वालियर और भितरवार-डबरा अंचल के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। रबी और खरीफ की फसलों की सिंचाई के लिए यह पानी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यदि पानी की आवक इसी तरह बनी रही, तो जल्द ही बांध के फुल होने की संभावना है।
