डबरा ब्रेकिंग: बुजुर्ग रोड बनी नरक, नगर पालिका सोई मुगालते में — क्या यही है डबरा का ‘विकास’?

डबरा/भितरवार

डबरा

कागजी विकास की खुली पोल, कीचड़ और गड्ढों के दलदल में तब्दील हुई बुजुर्ग रोड

डबरा (HRIDAY STAMBH): शहर में विकास के बड़े-बड़े दावों और लोकलुभावन वादों की जमीनी हकीकत देखनी हो, तो बुजुर्ग रोड चले आइए। वर्तमान में यह सड़क बदहाली के चरम पर है और सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, यह पहचानना मुश्किल हो चुका है। पूरी रोड दलदल में तब्दील हो चुकी है, जिसके कारण स्थानीय नागरिक नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही और अनदेखी के चलते आम जनता का पैदल चलना तक दूभर हो गया है।

दिखावे का सुधार और प्रशासनिक नाकामी

नगर पालिका की कार्यशैली इतनी गैर-जिम्मेदाराना है कि 8 दिन पहले महज खानापूर्ति के लिए दो ट्रॉली गिट्टी और बोल्डर डलवाए गए। वह गिट्टी सुधार करने के बजाय गहरे गड्ढों में समा गई, जिससे राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया।

बुनियादी सुविधाओं का अकाल: चोक नालियां और मंडराता महामारी का खतरा

क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। नालियां या तो पूरी तरह से चोक हैं या फिर उनका निर्माण ही नहीं कराया गया है। नालियां न होने से दूषित पानी सीधे रास्तों पर जमा हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है कीचड़ के कारण छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।

सीएम हेल्पलाइन और आला अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी सिर्फ सन्नाटा और अनदेखी ही हाथ लगी है।

जनता के सब्र का बांध टूटा: उग्र आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी

डबरा में सड़क और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव अब जनता के बर्दाश्त से बाहर हो चुका है। बदहाली से तंग आ चुके आक्रोशित निवासियों ने नगर पालिका को आखिरी चेतावनी दी है। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही बुजुर्ग रोड का पक्का निर्माण और जल निकासी दुरुस्त नहीं की गई, तो वे चक्काजाम और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सोए हुए प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *