डबरा नगरपालिका: अध्यक्ष पुत्र की हठधर्मिता पर भड़के पार्षद, सीएमओ की मध्यस्थता विफल; आंदोलन जारी

डबरा/भितरवार

डबरा (HRIDAY STAMBH): नगरपालिका में जारी राजनीतिक घमासान और प्रशासनिक गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों के बीच खींचतान चरम पर पहुंच गई है। नगरपालिका परिसर में चल रहा धरना-प्रदर्शन लगातार उग्र रूप ले रहा है, जिससे शहर के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं।

पार्षद हरविंदर सिंह हीरा का कड़ा रुख

अध्यक्ष पुत्र के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए वरिष्ठ पार्षद हरविंदर सिंह हीरा ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि “अध्यक्ष पुत्र की हठधर्मिता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर उन्हें फाइलों पर साइन नहीं करने हैं, तो मत करें। हम अपने हक और शहर की जनता के लिए संघर्ष कर रहे हैं और यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।” अन्य पार्षदों ने भी इस आंदोलन का पुरजोर समर्थन करते हुए नारेबाजी की—“तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं!”

सीएमओ की मान-मनौव्वल भी बेनतीजा

आंदोलन को खत्म कराने और गतिरोध को सुलझाने के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) साक्षी बाजपेयी ने खुद मोर्च संभाला। उन्होंने धरना स्थल पर जाकर आंदोलनकारी पार्षदों से मुलाकात की और उनसे बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया। हालांकि, पार्षदों के कड़े रुख के कारण यह वार्ता पूरी तरह बेनतीजा रही।

विकास कार्य प्रभावित, शहरवासी परेशान

अध्यक्ष और पार्षदों के बीच लगातार बढ़ रही इस खींचतान का सीधा असर शहर की सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और निर्माण कार्यों पर पड़ रहा है। फिलहाल ऐसा कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है जिससे यह विवाद खत्म हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *