बलराम कृषि महोत्सव: डबरा में तैयारियां तेज

डबरा/भितरवार

डबरा 
कलेक्टर रुचिका चौहान ने लिया मंडी परिसर का जायजा

डबरा (HRIDAY STAMBH): कृषि उपज मंडी परिसर में 25 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘बलराम कृषि महोत्सव’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वयं आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल संवाद

तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार चालू वर्ष को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मना रही है। इसी कड़ी में प्रदेशभर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। डबरा में होने जा रहे इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और किसानों से सीधा संवाद करेंगे।

वैज्ञानिक खेती और संतुलित उर्वरक पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि हर क्षेत्र की मिट्टी और पानी की विशेषताएं भिन्न होती हैं। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल वैज्ञानिक खेती की जानकारी देना है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों को मृदा परीक्षण और फसल की जरूरत के हिसाब से ही खाद-उर्वरक डालने की सलाह देंगे, जिससे “अधिक खाद से अधिक उत्पादन” जैसी भ्रांतियां दूर हो सकेंगी।

विभागीय प्रदर्शनी और फूड प्रोसेसिंग की जानकारी

महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग द्वारा विशेष प्रदर्शनियां और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से किसानों को आधुनिक उपकरणों, नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं के साथ-साथ कृषि ऋण एवं ‘फूड प्रोसेसिंग’ (खाद्य प्रसंस्करण) के अवसरों की जानकारी मिलेगी। प्रशासन की मंशा है कि किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर अपने उत्पादों का मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) करें और अपनी आय बढ़ाएं।

प्रशासन की अपील

मंडी परिसर में किसानों के बैठने, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने क्षेत्रीय किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *