गुना में BJP की महिला विधायक को नहीं मिली कुर्सी, मंच से छलका दर्द

राज्य

गुना

33% आरक्षण मिला, पर बैठने को जगह नहीं

गुना (NEWS UPDATE): जिले में आयोजित ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम में उस समय भारी राजनीतिक हंगामा मच गया, जब मुख्य अतिथियों में शामिल चांचौड़ा से भाजपा विधायक प्रियंका मीणा और नगरपालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता को बैठने के लिए कुर्सियां तक नसीब नहीं हुईं। पहली पंक्ति में आरक्षित सोफे और कुर्सियों पर पार्टी के वरिष्ठ पुरुष नेता जमे रहे और महिला जनप्रतिनिधियों के खड़े रहने के बावजूद किसी ने जगह नहीं खाली की।

खुद उठानी पड़ी कुर्सी, मूकदर्शक बना रहा प्रशासन

उपेक्षा से नाराज होकर विधायक प्रियंका पैंची ने खुद अपने हाथों से कुर्सी उठाई और अलग लगाकर बैठ गईं। यही स्थिति नपाध्यक्ष सविता गुप्ता के साथ भी बनी। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी और आयोजक बेबस नजर आए।

मंच से जताई नाराजगी और साधा निशाना

मंच पर पहुंचते ही विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आड़े हाथों लेते हुए कहा:

“जब सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दे दिया है, तो फिर हमें बैठने के लिए कुर्सी क्यों नहीं दी जा रही? मेरा मकसद किसी को नीचा दिखाना नहीं है, लेकिन जो हुआ वह सबने देखा है। अगर महिलाएं आगे दिखेंगी तो समाज का दृश्य और बेहतर होगा।”

संगठन में शिकायत, अंदरूनी खींचतान उजागर

विधायक प्रियंका मीना ने इस पूरे वाकये की शिकायत पार्टी के शीर्ष संगठन में दर्ज कराई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मंच पर महिला विरोधी बयानबाज़ी का विरोध करने पर प्रियंका मीना चर्चा में आई थीं। लगातार दूसरे कार्यक्रम में हुए इस घटनाक्रम ने भाजपा के अंदरूनी तालमेल और महिला प्रतिनिधियों के प्रति नेताओं के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *