डबरा
PTM में 5 मिनट लेट पहुंचे अभिभावकों को धूप में किया खड़ा, जांच शुरू
डबरा (HRIDAY STAMBH): सिमरिया टेकरी स्थित सेंट पीटर्स स्कूल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। स्कूल प्रबंधन की मनमानी और संवेदनहीनता का एक नया मामला सामने आया है, जहां शनिवार को आयोजित पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग (PTM) में महज 5 से 10 मिनट की देरी से पहुंचे अभिभावकों और उनके बच्चों को स्कूल के मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया।
सुबह करीब 10:30 बजे हुई इस घटना के दौरान लगभग 20 से अधिक छात्र और उनके परिजन भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में स्कूल के गेट के बाहर खड़े रहने को मजबूर हुए।
चौकीदार का दोटूक जवाब: ‘अब एंट्री नहीं मिलेगी’
गेट पर खड़े परेशान परिजनों ने जब अंदर जाने का अनुरोध किया, तो स्कूल के चौकीदार ने प्रबंधन के आदेश का हवाला देते हुए साफ कह दिया कि अब किसी को एंट्री नहीं मिलेगी, सभी लोग अगली मीटिंग में आएं।
मीडिया के पहुंचते ही झुका प्रबंधन, पहले बोले- ‘हमारा ही नियम चलेगा’
मामले की सूचना मिलते ही जब स्थानीय मीडियाकर्मी मौके पर पहुंचे, तब जाकर स्कूल प्रबंधन ने दबाव में आकर गेट खोला। शुरुआत में स्कूल के प्रिंसिपल (फादर) ने यह कहते हुए चर्चा करने से साफ मना कर दिया कि “स्कूल में हमारा ही नियम चलेगा।”
पहले भी विवादों में रहा है सेंट पीटर्स स्कूल
पहले भी यह स्कूल गंभीर आरोपों को लेकर विवादों में रह चुका है। पूर्व में धर्मांतरण और महिला शोषण के आरोपी फादर को प्रिंसिपल बनाने के आरोपों के चलते यह स्कूल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के निशाने पर रहा है और जमकर विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं।
BRC विवेक चौकोटिया का बयान
“किसी भी स्कूल प्रबंधन को अभिभावकों और बच्चों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। भीषण गर्मी में बच्चों को बाहर खड़ा रखना बेहद गंभीर मामला है। स्कूल प्रबंधन से इस संबंध में जवाब तलब किया जा रहा है और जांच के बाद उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
