दतिया
नरोत्तम मिश्रा की नाराजगी पर बोले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा
दतिया (HRIDAY STAMBH):दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा के बाद से ही सियासी पारा चढ़ गया है। टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की कथित नाराजगी पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का बड़ा बयान सामने आया है।
जगदीश देवड़ा ने साफ तौर पर कहा है कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी पार्टी का होता है।
’भाजपा का फैसला सर्वोपरि, नाराजगी मिलकर सुलझाएंगे’
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने दतिया विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर लिया गया निर्णय भारतीय जनता पार्टी का सामूहिक निर्णय है, जिसे सभी शिरोधार्य (स्वीकार) करते हैं। संगठन हमारे लिए सबसे ऊपर है। पार्टी ने जो फैसला लिया है, उसका सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ पालन करेंगे।”
कार्यकर्ताओं से बोले नरोत्तम मिश्रा- ‘सोशल मीडिया पर जो देखा, वैसा न करें’
दतिया में शुक्रवार रात से शुरू हुआ कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। इस बीच पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया से भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं। भोपाल में वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के अन्य सीनियर लीडर्स से मुलाकात कर दतिया के मौजूदा हालातों और टिकट काटने को लेकर चर्चा कर सकते हैं।
दतिया से रवाना होने से पहले नरोत्तम मिश्रा ने नपे-तुले शब्दों में मीडिया से कहा, “मैंने कल भी विस्तार से कहा था और आज भी कह रहा हूं कि यह पार्टी का निर्णय है। लेकिन मैं कार्यकर्ताओं से यह बात जरूर कहूंगा कि मैंने जो सोशल मीडिया पर फुटेज देखे हैं—जैसे पेट्रोल या मिट्टी का तेल डालना—ऐसा कोई कार्य बिल्कुल न करें। अपनी बात हमेशा पार्टी के फोरम पर रखी जाती है, इस तरीके से सड़कों पर व्यक्त नहीं की जाती।”
Datia Vidhan Sabha By-Election 2026
