ग्वालियर
ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में महिला की मौत
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH): छतरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंदला थाना क्षेत्र में लिव-इन पार्टनर द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने से गंभीर रूप से झुलसी 26 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया है।
महिला का इलाज ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) में चल रहा था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
इस मामले में ग्वालियर की कंपू थाना पुलिस ने मर्ग (मृत्यु का मामला) कायम कर केस डायरी छतरपुर के चंदला थाना भेज दी है। वहीं, मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सब्ज़ी के लिए तेल माँगने पर हुआ विवाद
छतरपुर के चंदला थाना क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय पीड़ित महिला पिछले कुछ समय से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि सब्जी के लिए तेल माँगने पर महिला का विवाद हुआ जिसके उपरांत आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महिला पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी।
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों की मदद से महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) रेफर किया गया था।
ग्वालियर के JAH में इलाज के दौरान मौत
आग से महिला का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के बर्न वार्ड में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन संक्रमण और गहरे जख्मों के कारण उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
महिला की मौत ग्वालियर में हुई, इसलिए ग्वालियर के कंपू थाना पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। कंपू पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद केस डायरी संबंधित चंदला थाना (छतरपुर) को ट्रांसफर कर दी है
जहां आरोपी के खिलाफ हत्या (IPC/BNS की संबंधित धाराएं) का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छतरपुर पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटना के बाद ही हिरासत में ले लिया गया था।
