अवैध खनन पर बड़ी कार्यवाही

मुरैना

मुरैना

मुरैना(हृदय स्तंभ/ HRIDAY STAMBH): कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के मार्गदर्शन में आज रिठौरा घाट, चंबल नदी क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध व्यापक संयुक्त कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में वनमंडलाधिकारी हरिश चंद्र बघेल, जिला खनिज अधिकारी श्री एस के निर्मल थाना प्रभारी सरायछोला, अनुविभागीय अधिकारी (वन), एसएएफ बल तथा वन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

संयुक्त दल द्वारा दो जेसीबी मशीनों की सहायता से चंबल नदी क्षेत्र स्थित रिठौरा घाट पर अवैध रूप से संग्रहित रेत भंडारण को नष्ट किया गया। कार्रवाई सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार चलती रही। इस दौरान लगभग 5300 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण का विनष्टीकरण किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 6 लाख रुपये बताया गया है। कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का बल मौके पर तैनात रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुई।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *