भाजपा सरकार ने किसानों को सिर्फ छलने का काम किया, कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर किया चक्काजाम

ग्वालियर

ग्वालियर

भाजपा सरकार ने किसानों को सिर्फ छलने का काम किया है। जो चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे तो करती है, लेकिन सत्ता में आकर किसानों को भूल जाती है। यह बात कांग्रेस नेताओं द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को निरावली पर किए गए चक्काजाम के दौरान कही गई। जिससे इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह से ठप्प बना रहा। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस अफसर पूरी स्थिति पर नजर रखे रहे।
गौरतलब है कि मप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश के किसानों की जायज मांगों और हितों की रक्षा के लिए शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को चक्काजाम करने की घोषणा की थी। जिसके तहत गुरुवार सुबह 10 बजे शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन पुरानी छावनी थाना क्षेत्रांतर्गत रायरू स्थित निरावली तिराहा पहुंचे, जहां सडक़ पर बैठकर चक्काजाम किया। इस आंदोलन में मुख्य रूप से सांसद एवं मप्र कांग्रेस की सहप्रभारी संजना जाटव तथा मप्र शासन के पूर्व मंत्री व सीडब्ल्यू सदस्य कमलेश्वर पटेल शामिल हुए। जिन्होंने मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं व किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को सिर्फ छलने का काम किया है। चुनाव आते ही बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आते ही किसान को भूल जाते हैं। प्रदेश का किसान आज बदहाल है। खाद के लिए लाइन, बिजली के लिए संघर्ष और फसल बेचने के लिए भटकना पड़ रहा है। भाजपा सरकार सिर्फ उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है। किसान का बेटा परेशान है और सरकार मौन बैठी है। कांग्रेस किसानों की आय बढ़ाने, कर्ज माफी और समर्थन मूल्य की गारंटी के लिए संघर्ष कर रही है। यह आंदोलन किसानों के सम्मान की लड़ाई है।

भाजपा ने किसानों दिखाए सिर्फ झूठे सपने: अशोक सिंह

राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने कहा कि भाजपा ने किसानों को सिर्फ झूठे सपने दिखाए हैं। जब-जब भाजपा सत्ता में आई, किसानों की समस्याएं बढ़ी हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के दर्द को समझती है, क्योंकि कांग्रेस की जड़ गांव और खेतों में है। आज का यह सत्याग्रह भाजपा सरकार को चेतावनी है कि अगर किसानों की अनदेखी बंद नहीं हुई तो कांग्रेस सडक़ों से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, साहब सिंह गुर्जर, दिनेश गुर्जर एवं सुरेश राजे ने कहा कि प्रदेश का किसान आज परेशान और निराश है। भाजपा सरकार ने किसानों को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। खेती महंगी हो गई, लेकिन फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा।

डीआरपी लाइन में बनाई अस्थाई जेल पहुंचाया

पुलिस प्रशासन द्वारा कई बार आंदोलनकारियों को उठने के लिए समझाइश दी गई। इसके बावजूद जब नहीं माने, तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर डीआरपी लाइन में बनाई गई अस्थाई जेल में पहुंचा दिया। कांग्रेस के इस सडक़ सत्याग्रह चक्काजाम आंदोलन में पूर्व मंत्री व जिला प्रभारी पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला, ग्रामीण जिला प्रभारी घनश्याम सिंह, सुनील शर्मा, दशरथ सिंह पटेल, रश्मि पवार शर्मा, राहुल शर्मा, संजय सिंह राठौर, सीमा समाधिया, आरपी सिंह, राम पांडे, ज्योति सिंह, इब्राहिम पठान, अरुण केन, वीर सिंह तोमर, चतुर्भुज धनोलिया, हेवरन सिंह कंसाना, प्रांजल तिवारी, रामबाबू श्रीवास, हमीद खां उस्मानी, माठू यादव, अवधेश कौरव, मेहबूब खां चेनवाले, मीनू परिहार, हरेंद्र सिंह गुर्जर, महेश मधुरिया, सोनू भदोरिया, महेंद्र शर्मा, भूपेंद्र तोमर मिक्की, पिंकी पंडित, तरूण यादव, आदित्य सेंगर, आशुतोष शर्मा, रशीद पहलवान, संतोष शर्मा, शरद यादव, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव, विनोद जैन, महेष धनोलिया, मनीष शर्मा, मुनेंद्र भदौरिया, रेखा जाटव, दिलीप, धर्मवीर राठौर, राकेश कुशवाह, अनूप शिवहरे, राजेश तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

पुलिस ने रूट किया डायवर्ट

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। जिसके चलते मुरैना की ओर निरावली तिराहा होते हुए जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। वहीं मुरैना जाने वाले सभी प्रकार के वाहन बायपास हाई-वे शनिचरा तिराहा से पिपरसेवा, शनिचरा रेलवे स्टेशन से बानमौर होते हुए निकाले गए। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर से निरावली तिराहा होते हुए मुरैना की ओर जाने वाले वाहन दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक पूर्णत: प्रतिबंधित किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *