निर्माण कार्यों में ढिलाई पर सख्त निगमायुक्त, अधूरे काम पर जताई नाराजगी

ग्वालियर

ग्वालियर

मल्टीलेवल पार्किंग से लेकर प्याऊ व शौचालय तक का निरीक्षण, समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बुधवार सुबह शहर के विभिन्न निर्माणाधीन प्रोजेक्टों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर कार्यों में लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत निगम परिषद के निर्माणाधीन भवन से की गई, जहां आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जिंसी नाला नंबर-1 क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण कर कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की।

महाराज बाड़ा स्थित स्मार्ट सिटी की मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं होने पर नाराजगी जताई। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट जानकारी न दे पाने पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शिंदे की छावनी में स्थापित शीतल जल प्याऊ का निरीक्षण करने पर वह खाली मिली, जिस पर आयुक्त ने असंतोष जताते हुए शहर की सभी प्याऊ नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने शिंदे की छावनी स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर दिव्यांगजन की सुविधा के लिए रैम्प निर्माण तथा सिविल व पेंटिंग कार्य कराने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्र के एक पार्क का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री पवन सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *