जनसेवा ही प्राथमिकता, हर जरूरतमंद तक पहुंचे योजनाओं का लाभ – ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

ग्वालियर

ग्वालियर

जनसुनवाई में त्वरित समाधान, आधी रात को सड़कों पर उतरकर संभाली सफाई व्यवस्था

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रेसकोर्स रोड स्थित कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका मौके पर निराकरण किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।
जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने जरूरतमंद महिलाओं को राशन उपलब्ध कराने, वृद्धजनों को पेंशन दिलाने और पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

रात 2 बजे तक चला महाअभियान, मंत्री ने खुद संभाली कमान

शुक्रवार देर रात ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उप नगर क्षेत्र में सीवर सफाई अभियान का निरीक्षण करते नजर आए। किला गेट से शुरू हुआ यह अभियान विभिन्न प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए देर रात तक जारी रहा। खास बात यह रही कि मंत्री स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करते रहे।
सुपर सकर मशीन से किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सीवर लाइनों की सफाई कर जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत दिलाना है। इस दौरान मंत्री ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

स्वच्छता और विकास के साथ स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ता ग्वालियर

ऊर्जा मंत्री ने नागरिकों से स्वच्छता को अपनाने और स्वस्थ, नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *