ग्वालियर
झांसी से भिंड तक ट्रैक, स्टेशन और यात्री सुविधाओं पर सख्त नजर, सुधार के दिए निर्देश
झांसी मंडल में आधारभूत संरचना को मजबूत करने और यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने गुरुवार को झांसी–हेतमपुर और बिरलानगर–भिंड रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक, कर्व, सिग्नल, ओएचई, फाटक और ब्रिज सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई।
निरीक्षण यान “परख” के माध्यम से डीआरएम ने झांसी–हेतमपुर खंड का विंडो निरीक्षण करते हुए चंबल ब्रिज के पास निर्माण कार्यों का जायजा लिया और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए।
डीआरएम ने हेतमपुर और मुरैना स्टेशनों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, प्रतीक्षालय और शौचालय सुविधाओं की समीक्षा की। गर्मी को देखते हुए यात्रियों के लिए पेयजल और कूलिंग व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान भिंड स्टेशन और ग्वालियर स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीआरएम ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव के लिए व्यवस्थाएं और मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

