डबरा
हकदार भूखे, अफसर मौज में, वेतनभोगी अधिकारी पर बीपीएल कार्ड से राशन लेने का आरोप
एसडीएम बोले—जांच में दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
डबरा। डबरा नगर पालिका एक बार फिर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर विवादों में घिर गई है। इस बार मामला गरीबों के हक पर डाका डालने से जुड़ा है। नगर पालिका में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (RI) रामवीर सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं कि वे नियमित वेतनभोगी शासकीय कर्मचारी होने के बावजूद बीपीएल कार्ड धारक बनकर सरकारी राशन का लाभ ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि लाखों का वेतन पाने वाले अधिकारी द्वारा गरीबों के हिस्से का राशन लेना सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी का बीपीएल कार्ड किसकी मिलीभगत से बना और यह अनियमितता लंबे समय तक कैसे चलती रही।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। डबरा एसडीएम रूपेश रत्न सिंघई ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं,इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर जनता में नाराजगी है। अब सभी की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि दोषी पर सख्त कदम उठाया जाएगा या मामला फाइलों में दबकर रह जाएगा।
