भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव पर निकाल विशाल चल समारोह

ग्वालियर

ग्वालियर

हजारों विप्र बंधुओं ने शामिल होकर दिखाई समाज की एकजुटता

भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव शहर भर में पारंपरिक ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के मंदिरों एवं घरों में भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की गई। वहीं शाम के समय एक विशाल चल समारोह भी निकाला गया, जिसमे ं विप्र बंधुओं ने हजारों की संख्या शामिल होकर समाज की एकजुटता दिखाई।
भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विप्र बंधुओं ने सुबह भगवान श्री परशुराम के मंदिरों में उनका अभिषेक किया, जिसके बाद विशेष पूजा-अर्चना कर भोग लगाया गया और प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखी गई। अक्षय तृतीया के अवसर पर भी लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान चक्रधर के दर्शन किए। वहीं शाम के समय ब्राह्मण समाज द्वारा विशाल चल समारोह निकाला गया। इसमें धर्मेंद्र भारद्वाज, अवनीश शर्मा, कौशल सेंथिया, अखिलेश पांडेय, संगम भार्गव, बंटी शर्मा, गौरव शर्मा, मोनू शर्मा, शक्तिराज शर्मा, कुलदीप काकोरिया, संदीप तिवारी, कुलदीप शर्मा सहित हजारों की संख्या में युवाओं ने भाग लिया। जिन्होंने डीजे पर बज रहे भगवान के भजनों पर नाचते-झूमते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त की। विप्र बंधुओं की एकजुटता देख भगवान परशुराम चल समारोह में विभिन्न दलों के तमाम राजनेता भी पहुंचे। जिनमें प्रमुख रूप से मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल आदि शामिल हैं।
बॉक्स
इस मार्ग से निकला चल समारोह
भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव चल समारोह शहर के फूलबाग मैदान से शुरू हुआ। जो फूलबाग चौपाटी, सिंधिया कन्या विद्यालय, पड़ाव तिराहा, तानसेन चौराहा और गांधी रोड से होते हुए आकाशवाणी चौराहा पहुंचा, जहां से यह परशुराम चौक पहुंचकर संपन्न हुआ।
बॉक्स
जगह- जगह हुआ स्वागत
चल समारोह को लेकर विप्रबंधुओं के साथ ही अन्य समाज के लोगों ने भी खासी तैयारी कर रखी थी। जिसके चलते रास्ते में जगह- जगह इसका स्वागत किया गया। वहीं कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई और भगवान परशुराम की जय जयकार के नारे लगाए गए। इस उल्लास भरे माहौल के बीच कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस बल भी खासा अलर्ट बना रहा। साथ ही पुलिस पेट्रोलिंग वाहन भी लगातार गश्त करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *