ग्वालियर
तानसेन नगर में स्वच्छता संवाद कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे “स्वच्छ ग्वालियर, हमारी पहचान” अभियान के तहत तानसेन नगर स्थित टंकी वाले पार्क में शुक्रवार को स्वच्छता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि स्वच्छता किसी एक की नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है और ग्वालियर को स्वच्छ बनाने के लिए हमें अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद दिनेश सिकरवार, वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर डॉ. प्रियंवदा भसीन, डॉ. राघवेन्द्र और अपर आयुक्त प्रदीप तोमर सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
संवाद के दौरान वक्ताओं ने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि गंदगी बीमारियों को जन्म देती है, जबकि स्वच्छता से स्वास्थ्य और समृद्धि दोनों बढ़ते हैं। नागरिकों ने भी अपने सवाल और सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम से पहले नगर निगम की आईईसी टीम और स्वयंसेवकों द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता कैप और बैज भी वितरित किए गए।
आयोजकों के अनुसार स्वच्छता संवाद का अगला कार्यक्रम 19 अप्रैल को हजीरा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक नागरिकों से सहभागिता की अपील की गई है।
