शिवपुरी
ग्रामीणों ने फूड इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
शिवपुरी के कोलारस अनुभाग के ग्राम तरावली में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें निर्धारित मात्रा में राशन नहीं मिल रहा, जिससे गरीब परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रमीणों काआरोप है कि नवंबर-दिसंबर का पूरा राशन नहीं दिया गया, वहीं वर्तमान में भी दो माह के स्थान पर करीब डेढ़ माह का ही राशन वितरित किया जा रहा है।
इस मामले में फूड इंस्पेक्टर गौरव कदम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में जांच और राशन वितरण के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका प्रभाव ज़मीनी स्तर पर नजर नहीं आया।
बताया जा रहा है कि 12 जनवरी को प्रस्तावित जांच से पहले ही संबंधित सेल्समैन दुकान बंद कर मौके से अनुपस्थित हो गया। इस पर भी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना विभागीय सख्ती के इस तरह की अनियमितताएं संभव नहीं हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्च स्तर पर शिकायत करने को मजबूर होंगे।
वॉक्स:
ग्रामीणों ने बताया कि राशन में लगातार कटौती की जा रही है और कई परिवारों को पूर्व का बकाया राशन भी नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी ग्रामीण अपनी समस्या रखते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि जरूरतमंदों को उनका हक मिल सके।
इनका कहना है
आपके द्वारा यह मामला मेरी संज्ञान में लाया गया है मैं उसे दिखाता हूं और बिल्कुल इसकी जांच करता हूं।
रविंद्र कुमार चौधरी कलेक्टर शिवपुरी

