शिवपुरी
शहर के वार्ड क्रमांक 31 स्थित पटेल पार्क में कर्मचारियों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सराहनीय उदाहरण पेश किया। गुरुग्राम से घूमने आई एक महिला पर्यटक की पार्क में खोई करीब एक तोला वजनी सोने की चेन को कर्मचारियों ने खोजकर सुरक्षित लौटाया, जिससे महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम निवासी मंजरी भटनागर मंगलवार शाम पटेल पार्क घूमने आई थीं। इसी दौरान उनकी सोने की चेन कहीं गिरकर खो गई। उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन चेन का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलने पर पार्क कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पूरे पार्क को खाली करवाया और चेन की खोज शुरू की। करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद कर्मचारियों को चेन मिल गई।
इसके बाद मंजरी भटनागर को सूचना देकर पार्क बुलाया गया। जब उन्हें उनकी खोई हुई चेन सुरक्षित वापस सौंपी गई, तो उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में इस तरह के नायाब लोग भी है और यह एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
स्थानीय लोगों ने भी पार्क कर्मचारियों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की है।
