छतरपुर
छतरपुर में 108 एंबुलेंस का दुरुपयोग: ड्राइवर छात्रा के साथ पकड़ा गया
सायरन बजाकर तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था एंबुलेंस, लोगों ने पीछा कर रोका; पूछताछ में खुली पोल
BREAKING NEWS। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा 108 एंबुलेंस के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिस एंबुलेंस का इस्तेमाल गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए किया जाता है, उसी में चालक एक कॉलेज छात्रा के साथ इश्कबाजी करते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय व्यक्ति ने सड़क पर 108 एंबुलेंस को सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार में जाते देखा। आमतौर पर सायरन का मतलब किसी मरीज की आपात स्थिति होता है, लेकिन जब उसकी नजर एंबुलेंस के अंदर पड़ी तो वहां मरीज की जगह एक युवती बैठी नजर आई। मामला संदिग्ध लगने पर युवक ने बाइक से एंबुलेंस का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवा लिया।
एंबुलेंस रुकते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब चालक से मरीज के बारे में पूछा गया तो वह घबरा गया और युवती को अपनी बहन बताने लगा। हालांकि, लोगों द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर वह उसका नाम तक सही से नहीं बता पाया, जिससे पूरा मामला खुल गया।
घटना के सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने इस तरह की लापरवाही को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा दी गई है और जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जा सकती है।

