शिवपुरी
विधायक कुशवाहा के नेतृत्व में एसपी को सौंपा ज्ञापन, सट्टेबाजों और नशा कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
शिवपुरी (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH)- : जिले में आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान तेजी से फैल रहे सट्टेबाजी के कारोबार और स्मैक नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ अब आमजन खुलकर सामने आने लगे हैं। मंगलवार को पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा के नेतृत्व में नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को ज्ञापन सौंपकर जिले में आईपीएल सट्टे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा स्मैक बेचने और सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान समाजसेवी यशपाल रावत एवं भीम आर्मी के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। ज्ञापन में कहा गया कि आईपीएल मैचों के दौरान जिले में सट्टे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे कई परिवार आर्थिक रूप से बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। लोगों की जमीन-जायदाद बिक रही है और परिवार कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
नागरिकों ने हाल ही में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए बताया कि 30 अप्रैल को बदरवास निवासी संदीप सोनी ने कथित रूप से आईपीएल सट्टे के दबाव में आत्महत्या कर ली थी। वहीं ग्राम सिंहनिवास निवासी रूपसिंह रावत की संदिग्ध मौत को भी सट्टे के दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी माह दिनारा निवासी अमन भार्गव द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम का कारण भी सट्टेबाजी बताया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले में स्मैक नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिसकी चपेट में युवा पीढ़ी तेजी से आ रही है। लोगों का कहना है कि नशे की वजह से परिवार टूट रहे हैं और अपराधों में भी बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जिले में आईपीएल सट्टा पूरी तरह बंद कराया जाए, सट्टा संचालित करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा एक विशेष शिकायत नंबर जारी किया जाए, जिस पर आम नागरिक गुप्त रूप से सट्टा खेलने और खिलाने वालों की सूचना दे सकें।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में और भी परिवार बर्बाद हो सकते हैं। अंत में नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक से जिले में सट्टा और स्मैक के अवैध कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
