कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न

शिवपुरी

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दिए निर्देश,हर विभाग तीन माह में अनिवार्य रूप से आयोजित करे परामर्शदात्री समिति की बैठक

कर्मचारी संगठनों ने उठाईं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याएं, मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया सम्मान

शिवपुरी

कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक कलेक्टर अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शासन से मान्यता प्राप्त विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रदेश एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की लंबित समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।

बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सेवा संबंधी समस्याओं, विभागीय कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग में हर तीन माह में विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर के इस निर्णय का बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया और इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बैठक के उपरांत जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था एवं पहली औपचारिक मुलाकात के अवसर पर मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस की ओर से कलेक्टर अर्पित वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन अवस्थी, प्रदेश महामंत्री तारिक़ सिद्दीकी एवं जिला सचिव अरविन्द सरैया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *