गेहूं उपार्जन को लेकर सीएम की अध्यक्षता में वीसी आयोजित

श्योपुर

श्योपुर

व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने दिए निर्देश

श्योपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गेहूं उपार्जन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपार्जन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए समर्थन मूल्यों पर गेहूं की खरीदी की जाए। उन्होंने कहा कि अब गेहूं उपार्जन शनिवार को भी किया जा रहा है, जिससे बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। संबंधित अधिकारी पूरी प्रक्रिया पर सतत निगरानी बनाए रखें। सीएम ने किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि वन भूमि पर अधिक से अधिक जल संरचनाओं का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए पंचायत स्तर तक सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों, यह सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि इस अभियान को विभिन्न त्यौहारों के साथ जोड़कर व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाए। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण के लिए नदी एवं तालाबों के घाटों की नियमित सफाई और अधिक से अधिक पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर शीला दाहिमा एवं जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *