भोपाल,
भोपाल(HRIDAY STAMBH);
मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 2014 बैच के IPS अधिकारी और सागर के पूर्व पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया ने अपने पद से हटाए जाने के महज चार दिन बाद भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पुलिस महानिदेशक (DGP) और राज्य गृह विभाग को भेज दिया है। इस्तीफे की वजह “व्यक्तिगत कारण” बताई गई है, हालांकि अचानक उठाए गए इस कदम से महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जहरीली शराब कांड के बाद हुआ था तबादला
यह पूरा घटनाक्रम सागर जिले के बंडा क्षेत्र में हुई कथित जहरीली शराब त्रासदी से जुड़ा हुआ है, जिसमें मौतों के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया था। 27 अक्टूबर को राज्य शासन ने एक प्रशासनिक फेरबदल आदेश जारी करते हुए अनुराग सुजानिया को सागर एसपी पद से हटाकर भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर तैनात कर दिया था। उनकी जगह संजीव कुमार सिन्हा को सागर जिले की कमान सौंपी गई थी।
तबादले के 4 दिन बाद दिया इस्तीफा
तबादला आदेश जारी होने के बाद 2 नवंबर को अनुराग सुजानिया ने अपना इस्तीफा पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग को सौंप दिया। 2014 बैच के तेजतर्रार अधिकारियों में गिने जाने वाले सुजानिया के इस फैसले ने सभी को चौंका दिया है।
फिलहाल गृह विभाग द्वारा उनके इस्तीफे को स्वीकार करने की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। नियमानुसार, राज्य सरकार इस्तीफे की फाइल को आगे की औपचारिकताओं और स्वीकृति के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) को भेजेगी।
चर्चाओं का बाजार गर्म हुआ ,भले ही पत्र में कारण ‘व्यक्तिगत’ लिखा गया है, लेकिन प्रशासनिक हल्कों में इसे हालिया कार्रवाई और अचानक हुए तबादले से जोड़कर देखा जा रहा है।
कौन हैं IPS अनुराग सुजानिया?
अनुराग सुजानिया मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान वे राज्य के कई संवेदनशील जिलों में तैनात रह चुके हैं और अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। सागर से पहले वे झाबुआ और बेटूल जैसे जिलों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

