ग्वालियर,
ग्वालियर(HRIDAY STAMBH);
शहर के व्यस्ततम इलाके थाटीपुर में चौहान प्याऊ (चौहान (पेट्रोल पंप/चौकी के पास)) के पास स्थित एक निजी क्लीनिक में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां इलाज के लिए आए एक युवक की जेब में रखा मोबाइल अचानक जोरदार धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाके के तुरंत बाद युवक के कपड़ों में आग लग गई और क्लीनिक का कमरा धुएं से भर गया। क्लीनिक में नवजात बच्चों और कई अन्य मरीजों की मौजूदगी के कारण मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जेब में हुआ धमाका, कपड़ों में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी ओपीडी पर्ची और डॉक्टर से परामर्श के इंतजार में क्लीनिक में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसकी पेंट की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक अत्यधिक गर्म हुआ और तेज आवाज के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि युवक की जेब के चीथड़े उड़ गए और उसके कपड़ों ने आग पकड़ ली। युवक ने तुरंत किसी तरह जलते हुए मोबाइल को जेब से निकालकर बाहर फेंका, हालांकि इस प्रक्रिया में उसके झुलसने की खबर है।नवजात बच्चों और मरीजों की जान पर बनी
नवजात बच्चों और मरीजों की जान पर बनी
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय क्लीनिक में कई महिला मरीज अपने नवजात बच्चों को नियमित चेकअप और टीकाकरण के लिए लेकर आई हुई थीं। अचानक हुए धमाके और धुएं के गुबार से पूरा क्लीनिक दहल उठा। माताओं ने अपने नवजात शिशुओं को सीने से लगाकर बाहर की तरफ दौड़ लगाई। क्लीनिक स्टाफ और आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और आनन-फानन में आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और थाटीपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि मोबाइल की बैटरी ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट के कारण यह ब्लास्ट हुआ है। हालांकि, भीड़भाड़ वाले स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह की अचानक हुई घटना से क्लीनिक में मौजूद मरीज और तीमारदार काफी सहम गए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है।

