डबरा मंडी में बना राजस्व का ऐतिहासिक रिकॉर्ड: अक्टूबर माह में ₹8.53 करोड़ की मंडी फीस वसूली,

डबरा/भितरवार

 

डबरा,

डबरा(HRIDAY STAMBH);

कृषि उपज मंडी समिति डबरा ने चालू वित्तीय वर्ष के अक्टूबर माह में राजस्व वसूली और उपज की आवक के मामले में पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडी प्रशासन की निगरानी और सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते अक्टूबर माह में मंडी को 8 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।

मंडी भारसाधक नवकरण कौर के मार्गदर्शन एवं सचिव संतोष गौड़ के प्रबंधन में मंडी समिति ने अक्टूबर 2026 के दौरान कुल 8,53,26,219 रुपये की मंडी फीस वसूल की है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि (अक्टूबर 2025) में प्राप्त 2,40,45,155 रुपये की तुलना में 254.85 प्रतिशत अधिक है।

ई-अनुज्ञा की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, मंडी में उपज की आवक में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 में जहां मंडी में 95,046.31 टन कृषि उपज की आवक हुई थी, वहीं अक्टूबर 2026 में यह बढ़कर 1,65,202.56 टन तक पहुंच गई। इस प्रकार मंडी में उपज की आवक में कुल 73.81 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

मंडी अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में धान की बंपर पैदावार और किसानों को मंडी में मिल रहे बेहतर व प्रतिस्पर्धी भाव इस राजस्व वृद्धि का मुख्य आधार हैं। इसके अलावा पारदर्शी नीलामी व्यवस्था, ई-अनुज्ञा प्रणाली का त्वरित क्रियान्वयन और प्रांगण में सुगम व्यापारिक व्यवस्था के कारण आय में यह ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला है। मंडी प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में धान की आवक और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *