अबूधाबी का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर अस्थायी रूप से बंद, सुरक्षा अलर्ट पर जारी रहेगी पूजा

देश विदेश

अबूधाबी

संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में स्थित बेप्स हिंदू मंदिर अबुधाबी को मौजूदा सुरक्षा हालात के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। मंदिर प्रशासन ने घोषणा की है कि यह आदेश सोमवार से अगले आधिकारिक आदेश तक लागू रहेगा, और श्रद्धालु तथा आगंतुक मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
हालांकि, मंदिर में रहने वाले स्वामी और संत नियमित प्रार्थना और पूजा जारी रखेंगे। मंदिर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें और जहां तक संभव हो घरों में ही रहें। साथ ही सभी से कहा गया है कि सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी किए गए सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
यहां बताते चलें कि बेप्स मंदिर, जिसे बोचनवासी स्वामीनारायण परंपरा के तहत बनाया गया है, यूएई में सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है और यह भारतीय वास्तुकला और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। 27 एकड़ क्षेत्र में फैले इस मंदिर को पारंपरिक नागर शैली में डिजाइन किया गया है।
मंदिर का मुख्य ढांचा 13.5 एकड़ में फैला है, जिसकी लंबाई 262 फीट, चौड़ाई 180 फीट और ऊंचाई 108 फीट है। सात भव्य शिखर और पांच गुंबद इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं। निर्माण में लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च हुए और इसमें 50 हजार घन फीट इटैलियन संगमरमर, 18 लाख घन फीट भारतीय सैंडस्टोन और 18 लाख पत्थर की ईंटों का इस्तेमाल किया गया। खास बात यह है कि इसमें लोहे या स्टील का उपयोग नहीं किया गया; पूरी संरचना चूने और संगमरमर से बनी है, ताकि यह हजारों वर्षों तक सुरक्षित रहे।
मंदिर परिसर में एम्फीथिएटर बनारस के घाटों की शैली में बनाया गया है, जिसमें चलते समय गंगा और यमुना के प्रतीकात्मक जलधाराएं दिखाई देती हैं। त्रिवेणी संगम का प्रतीक सरस्वती नदी को दर्शाने के लिए प्रकाश की एक किरण भी दिखाई जाती है। प्रवेश द्वार पर स्थापित आठ मूर्तियां सनातन धर्म के आठ मूल्यों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *