ग्वालियर,
ग्वालियर(HRIDAY STAMBH);मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक शातिर ठगी का मामला सामने आया है। मुथूट फाइनेंस की पड़ाव शाखा से एक युवक बजाज फाइनेंस में गिरवी रखा सोना छुड़ाने की बात कहकर 9.50 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फिल्मी अंदाज में कर्मचारियों के सामने अपहरण का नाटक रचा और कार में बैठकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद फाइनेंस कंपनी में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, विश्वविद्यालय थाना पुलिस आरोपी और उसके साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सोना छुड़ाने के नाम पर कंपनी से लिए 13 लाख रुपए
पुलिस के अनुसार, पारसेन निवासी विजय सिंह घुरैया मुथूट फाइनेंस कार्यालय पहुंचा और उसने कंपनी को बताया कि उसने बजाज फाइनेंस की सिटी सेंटर शाखा में सोना गिरवी रखकर 12 लाख रुपए का कर्ज लिया है। उसने कंपनी के अधिकारियों को झांसा दिया कि वह पुराना कर्ज चुकाकर अपना पूरा सोना मुथूट फाइनेंस के पास गिरवी रखना चाहता है। इस पर भरोसा करते हुए कंपनी ने उसे सोने के एवज में 13 लाख रुपए देने का सौदा तय किया और रकम उसके मुरार स्थित एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी उसे लेकर बजाज फाइनेंस की शाखा पहुंचे ताकि गिरवी रखा सोना छुड़ाया जा सके।
रची अपहरण की झूठी कहानी और हो गया फरार
बचत शाखा के बाहर पहुंचते ही विजय सिंह ने लघुशंका का बहाना बनाया और बाहर निकल गया। बाहर उसके साथी पहले से ही कार लेकर तैयार खड़े थे। उसके साथियों ने कर्मचारियों के सामने ही विजय को कर्जदार बताते हुए जबरन कार में बैठा लिया। जब कंपनी के कर्मचारियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धमकाया और कार लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
खाते से निकाले 9.50 लाख, बाकी रकम हुई फ्रीज
कर्मचारियों को चकमा देने के बाद शातिर विजय ने तुरंत एक्सिस बैंक की मुरार शाखा पहुंचकर चेक के माध्यम से 9.50 लाख रुपए नकद निकाल लिए। इसी बीच जब तक मुथूट फाइनेंस ने बैंक को इस पूरी ठगी की सूचना दी, तब तक बैंक कार्रवाई करते हुए खाते में बचे शेष 3.50 लाख रुपए को फ्रीज कर चुका था।
आपराधिक बैकग्राउंड खंगाल रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विजय सिंह का भाई उदयवीर सिंह भी पहले से कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस अब विजय और उसके साथियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ ठगी गई रकम की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं।


