ग्वालियर
डोल ग्यारस पर ग्वालियर की सड़कों ने दिखाई बदहाली की तस्वीर, प्रतिमा लेकर निकले श्रद्धालुओं को करनी पड़ी मशक्कत
ग्वालियर। डोल ग्यारस पर मंगलवार को शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, गणपति बप्पा के जयकारों और भक्तों की आस्था के बीच गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए रवाना हुईं। लेकिन इस धार्मिक यात्रा के बीच ग्वालियर की बदहाल सड़कों की तस्वीर भी सामने आई, जिसने पूरे दृश्य को चर्चा का विषय बना दिया।
प्रतिमा लेकर निकले श्रद्धालु और सामने गड्ढों की कतार। जगह-जगह सड़क पर बने गड्ढों के बीच से गणपति की प्रतिमा को सुरक्षित निकालने के लिए श्रद्धालुओं को सावधानी से आगे बढ़ना पड़ा। कहीं उखड़ी सड़क तो कहीं गहरे गड्ढे-इन रास्तों ने विसर्जन यात्रा की मुश्किलें बढ़ा दीं।
इसी दृश्य पर लोगों की प्रतिक्रिया भी बेहद चुभती हुई रही-क्या करें गणपति जी… इन गड्ढों में से होकर ही निकलना होगा।
डोल ग्यारस जैसे प्रमुख धार्मिक पर्व पर जब शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकलते हैं, तब खराब सड़कें व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों का कहना है कि प्रमुख मार्गों की मरम्मत और गड्ढों की भराई समय रहते की जानी चाहिए, ताकि धार्मिक यात्राओं के साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो।
एक ओर गणपति के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा, वहीं दूसरी ओर गड्ढों से भरी सड़कें शहर की जमीनी हकीकत सामने लाती रहीं। गणपति की विदाई हो गई, लेकिन सड़कों के गड्ढे अब भी जवाब मांग रहे हैं।


