नई दिल्ली/हवाना
डिप्टी विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडेज़ ने दी ‘विनाश’ की चेतावनी
नई दिल्ली/हवाना (NEWS UPDATE): अमेरिका ईरान का मुद्दा अभी सुलझने की स्थिति में नहीं पहुंचा वहीं अब वेनेजुएला (Venezuela) के खिलाफ जनवरी 2026 में हुई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद अब क्यूबा (Cuba) और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के दूसरे कार्यकाल में क्यूबा के खिलाफ अपनाई गई ‘मैक्सिमम प्रेशर’ (Maximum Pressure Policy) की नीति ने पूरे लातिन अमेरिका में युद्ध जैसी स्थिति पैदा कर दी है।
ट्रंप द्वारा क्यूबा को वेनेजुएला से मिलने वाली तेल की सप्लाई रोकने के बाद क्यूबा इस समय भयंकर ईंधन संकट, लंबे ब्लैकआउट और खाद्य कमी से जूझ रहा है।
इसी बीच क्यूबा के डिप्टी विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडेज़ डी कोसियो (Carlos Fernandez de Cossio) ने अमेरिका को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वाशिंगटन के पास क्यूबा पर हमला करने का कोई कानूनी या नैतिक आधार नहीं है।
‘मौत और विनाश का कारण बनेगा अमेरिकी हमला’ – कार्लोस फर्नांडेज़
क्यूबा के डिप्टी विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडेज़ डी कोसियो (Carlos Fernandez de Cossio) ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका के पास क्यूबा पर हमले का आधार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने ऐसा किया तो यह मौत और विनाश का कारण बनेगा।
ट्रंप प्रशासन की ओर से लगातार मिल रहे सैन्य कार्रवाई के संकेतों के बीच क्यूबा ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान इस गंभीर स्थिति की ओर खींचा है। आर्थिक प्रतिबंधों से पहले से ही पस्त क्यूबा के लिए यह सैन्य खतरा बेहद संवेदनशील मोड़ पर आ गया है।
अमेरिकी मैगज़ीन ‘पॉलिटिको’ (Politico) पर भड़का क्यूबा
अमेरिकी मैगजीन पॉलिटिको की एक हालिया रिपोर्ट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कोसियो ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने अमेरिकी मीडिया पर युद्ध भड़काने का आरोप लगाते हुए लिखा:
“अमेरिकी पत्रिका पॉलिटिको क्यूबा के खिलाफ युद्ध भड़काने का काम जारी रखे हुए है। यह दावा करती है कि सब कुछ तैयार है और सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप की मंजूरी बाकी है। क्या हत्या, अंग-भंग, विनाश और पीड़ा पहुंचाने के साथ-साथ अपने ही लोगों की जान गंवाने के निश्चित खतरे को जायज ठहराने के लिए पर्याप्त मकसद है?”
क्या है पॉलिटिको की रिपोर्ट में? क्यूबा के पास मंडरा रहे हैं अमेरिकी युद्धपोत
पॉलिटिको की रिपोर्ट के अनुसार पेंटागन क्यूबा पर हमला करने के लिए तैयारी कर रही है। इसके लिए सैनिकों की तैनाती के साथ ही हथियारों को भी तैयार किया जा रहा है।
कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी नेवी और एयरफोर्स क्यूबा के पास तैनात की जा रही है और इस क्षेत्र में विमानवाहक युद्धपोत, डिस्ट्रॉयर्स और फाइटर जेट्स एक्टिव हैं। इंटरनेशनल मीडिया ने हाल ही में क्यूबा के पास अमेरिकी निगरानी और खुफिया उड़ानों में बढ़ोत्तरी की भी सूचना दी है।
