भोपाल
ई-कॉमर्स साइट से मंगवाई थीं कांच की कटोरियां
भोपाल (NEWS UPDATE): ऑनलाइन सामान रिटर्न करने के नाम पर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बागसेवनिया क्षेत्र के अलकापुरी निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला आसीमा मुखर्जी साइबर जालसाजों की शिकार हो गईं। टूटी हुई कांच की कटोरियों को वापस करने के चक्कर में उनके खाते से चंद मिनटों में 95 हजार रुपये उड़ा लिए गए।
टूटी कटोरी लौटाने के नाम पर दिया झांसा
फरियादी आसीमा मुखर्जी ने हाल ही में एक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से कांच की कटोरियां मंगवाई थीं। 24 जुलाई को जब डिलीवरी बॉय सामान लेकर पहुंचा, तो उसमें से एक कटोरी टूटी हुई निकली। महिला ने जब सामान वापस लेने को कहा, तो डिलीवरी बॉय ने कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क करने की सलाह दी।
Google सर्च से निकाला फर्जी कस्टमर केयर नंबर
बुजुर्ग महिला ने गूगल पर संबंधित कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और उस पर कॉल कर दिया। कॉल रिसीव करने वाले जालसाज ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। उसने शिकायत दर्ज कराने के बहाने महिला को एक ऑनलाइन फॉर्म भरने की लिंक भेजी और कटोरी की फोटो अपलोड करने को कहा।
इसके बाद ठग ने रजिस्ट्रेशन या प्रोसेस फीस के नाम पर 10 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। महिला ने जैसे ही 10 रुपये का ट्रांजेक्शन किया, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया।
मोबाइल हैक कर पार किए 95 हजार रुपये
10 रुपये भेजने के तुरंत बाद ठग ने 24 हजार रुपये और भेजने का दबाव बनाया। महिला ने जब मना किया, तब तक उनका फोन हैक हो चुका था। कुछ ही देर में उनके खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 95 हजार रुपये निकलने के मैसेज आ गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोपाल में 24 घंटे में कई लोग बने साइबर फ्रॉड का शिकार
शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक लोग साइबर ठगी का शिकार हुए। टीला जमालपुरा निवासी अभिषेक झलाया का मोबाइल हैक हुआ और फिर दो खातों से 80 हजार व 8,490 रुपए निकाल लिए गए।
इसी तरह प्रीति कौशिक के खाते से 1.45 लाख, हबीबगंज निवासी कोतवाली क्षेत्र के मंगल सिंह से 2.03 लाख रुपए की धोखाधड़ी, कोलार की अलका महावर के खाते से 45 हजार व चूनाभट्टी के जगदीश राठी से 88 हजार की ठगी होने के मामले सामने आए। बता दें, केवल जुलाई माह में ही भोपाल में साइबर ठगी के 104 केस दर्ज किए गए हैं।
Bhopal Cyber Fraud News
Online Shopping Fraud Bhopal
