श्योपुर
शहर के प्रमुख और व्यस्ततम क्षेत्र जय स्तंभ चौराहे पर इन दिनों भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विवाह सीजन और बाजार में बढ़ी भीड़ के कारण यहां वाहनों का दबाव लगातार बढ़ गया है।
स्थिति यह है कि चौराहे के आसपास अतिक्रमण, सड़क किनारे खड़े वाहन और निर्माण कार्य के चलते सड़क संकरी हो गई है। जय स्तंभ को तोड़कर अशोक स्तंभ निर्माण का कार्य जारी है, जिससे निर्माण सामग्री भी सड़क किनारे फैली हुई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं रहते, जिससे वाहन चालक मनमर्जी से वाहन खड़े कर देते हैं और जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। फुटपाथ पर अस्थायी अतिक्रमण भी जाम का बड़ा कारण बन रहा है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जय स्तंभ क्षेत्र में नियमित यातायात पुलिस की तैनाती कर अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
