ग्वालियर हादसे पर कांग्रेस का हमला, पटवारी बोले-16 मौतों की जवाबदेही तय करे सरकार

राज्य

भोपाल

मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख मुआवजा देने की मांग, एम्स में घायलों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

भोपाल। ग्वालियर हादसे में 16 लोगों की मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार को घेरते हुए मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों के उपचार का पूरा खर्च उठाने की मांग की है। गुरुवार को भोपाल स्थित एम्स पहुंचकर पटवारी ने हादसे में घायल श्रद्धालुओं और उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली।

पटवारी ने कहा कि हादसे में 16 लोगों की मौत कई परिवारों को गहरा दुख दे गई है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। उन्होंने घटना को प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला बताते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए पटवारी ने छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसे, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, सागर के शराब कांड और बैतूल में सड़क दुर्घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती हैं। पीड़ित परिवारों को न्याय, आर्थिक सहायता और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

पटवारी ने कहा कि हादसों के बाद सहायता राशि घोषित करना ही पर्याप्त नहीं है। सरकार को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में सुधार और प्रशासनिक जवाबदेही तय करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

इस दौरान कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *