ग्वालियर
ग्वालियर पूर्व का कार्यकर्ता सम्मेलन बना शक्ति प्रदर्शन, 51 कन्याओं के पूजन से शुरुआत; पटवारी ने भाजपा पर लगाए वोट चोरी के आरोप
ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के नेतृत्व में संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। वे रंगमहल गार्डन में आयोजित ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन में पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत 51 कन्याओं के पूजन से हुई। विधायक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. सतीश सिकरवार ने अतिथियों का स्वागत किया। पटवारी ने कन्या पूजन की सराहना करते हुए उपस्थित महिलाओं का अभिवादन किया। उन्होंने महंगाई और चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र बचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
पटवारी ने कहा कि 25 और 26 नवंबर को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी के साथ वोट चोरी के मुद्दे पर आवाज उठाएंगे। उन्होंने आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटने और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान भी किया।
राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने कहा कि सम्मेलन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऊर्जा मिलेगी और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में सभी को भागीदारी करनी होगी। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आयोजन के लिए विधायक डॉ. सिकरवार को बधाई दी। पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव ने भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहकर संगठन मजबूत करने की अपील की।
सम्मेलन में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, कांग्रेस नेता सत्यपाल सिंह सिकरवार ‘नीटू’, प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा, वरिष्ठ नेत्री रश्मि पवार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव सहित अनेक नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद अवधेश कौरव ने किया।
विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि सम्मेलन में पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ग्वालियर पूर्व में कांग्रेस की एकजुटता का संकेत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
