नई दिल्ली
देशभर में एसआईआर का विरोध तेज, राहुल-प्रियंका समेत इंडिया ब्लॉक के नेता पहुंचे राजघाट, बापू को दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का आंदोलन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत इंडिया ब्लॉक के नेता राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। वहीं पटना, लखनऊ समेत कई शहरों में विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया।
राजघाट जाने से पहले विपक्षी सांसद खड़गे के नेतृत्व में एकत्र हुए। सुरक्षा व्यवस्था के कारण नेताओं को कुछ देर इंतजार करना पड़ा। बाद में राहुल गांधी और अन्य नेता राजघाट पहुंचे। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। नेताओं ने बापू की समाधि पर श्रद्धांजलि देकर एसआईआर और चुनाव आयोग के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।
पटना में बैरिकेड पर चढ़े तेजस्वी
पटना में प्रदर्शन के दौरान बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव बैरिकेड पर चढ़ गए। लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अलग अंदाज में विरोध जताया। एक प्रदर्शनकारी हाथ में हथकड़ी लगाकर पहुंचा, जबकि दूसरे के सिर पर रखे घड़े पर ‘ज्ञानेश कुमार के पाप का घड़ा’ लिखा था।
विपक्ष के आरोपों के बीच चुनाव आयोग एसआईआर को मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध करने की प्रक्रिया बताता रहा है। भाजपा ने भी विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
छह अक्टूबर से शुरू हुआ विपक्ष का यह विरोध लगातार तीसरे दिन दिल्ली की सड़कों पर दिखाई दिया। अब विपक्ष इस मुद्दे को राज्यों में भी जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है।
