डबरा,
डबरा (HRIDAY STAMBH);राजमार्ग 44 (NH 44) पर प्रहास होटल के पास बीती रात बेखौफ बदमाशों की गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाशों ने ग्वालियर से छतरपुर जा रही एक मरीज की एंबुलेंस को जबरन रोक लिया और ड्राइवर व मरीज के अटेंडरों के साथ जमकर मारपीट की। बदमाश उनसे नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
ग्वालियर से अस्पताल से छुट्टी कराकर घर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छतरपुर निवासी एक परिवार अपने मरीज का ग्वालियर के अस्पताल में इलाज कराकर बीती रात लगभग 10:00 बजे एंबुलेंस से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही एंबुलेंस डबरा में NH 44 स्थित प्रहास होटल के पास पहुंची, तभी अचानक अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एंबुलेंस को बीच रास्ते में ही रोक लिया।
एंबुलेंस घेरकर की मारपीट और लूटपाट
एंबुलेंस के रुकते ही बदमाशों ने ड्राइवर और मरीज के साथ मौजूद परिजनों (अटेंडरों) को निशाना बनाया। आरोपियों ने सभी के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व थप्पड़ों से जमकर मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास रखे रुपए छीन लिए और वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए। इस दौरान एंबुलेंस में बैठा मरीज और अन्य परिजन दहशत में आ गए।
सिटी थाने पहुंचे पीड़ित, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिजनों और ड्राइवर ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और मरीज सहित एंबुलेंस लेकर सीधे डबरा सिटी थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों की आपबीती सुनकर तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
इलाके में फैला डर का माहौल
मुख्य हाईवे पर इस तरह एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा को रोककर लूटपाट और मारपीट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल डबरा सिटी थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात नकाबपोश बदमाशों की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।
