ग्वालियर,
ग्वालियर(HRIDAY STAMBH);जिले की चीनोर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मैंना स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। स्कूल में पदस्थ शिक्षक अरविंद श्रीवास्तव पर छात्राओं ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने, गंदी-गालियां देने और पढ़ाई कराने के बजाय जबरन झाड़ू व साफ-सफाई करवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।
मासूम छात्रा ने बयां की आपबीती
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में प्राथमिक विद्यालय की एक मासूम छात्रा कैमरे के सामने शिक्षक की करतूत उजागर करती नजर आ रही है। बच्ची का आरोप है कि शिक्षक अरविंद श्रीवास्तव न केवल कक्षाओं में छात्राओं के साथ अमर्यादित व गाली-गलौज वाली भाषा का प्रयोग करते हैं, बल्कि उनसे स्कूल परिसर में झाड़ू लगवाने और अन्य काम कराने का दबाव बनाते हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
मासूम बच्चों से जुड़ा मामला होने के कारण स्थानीय निवासियों और परिजनों में गहरा असंतोष है। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और भविष्य के लिए सरकारी स्कूल भेजते हैं, लेकिन इस तरह के दुर्व्यवहार से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
विभाग की कार्रवाई पर टिकीं नजरें
मामले के तूल पकड़ने के बाद अब सबकी नजरें ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के रुख पर टिकी हैं। अब यह देखना अहम होगा कि शिक्षा विभाग वायरल वीडियो और पीड़िता के बयान के आधार पर कब तक जांच टीम गठित कर आरोपी शिक्षक पर विभागीय गाज गिराता है।

