शिवपुरी,
शिवपुरी(HRIDAY STAMBH);जिले के नरवर थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित गोलीकांड में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी दीपक उर्फ दीपू गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस को चकमा दे रहा था। मगरौनी पुलिस चौकी टीम ने 1 अक्टूबर 2026 को सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम गढ़ोली में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पुरानी रंजिश में घर में घुसकर चलाई थी गोली
मामले की पृष्ठभूमि पुरानी रंजिश से जुड़ी है। ग्राम खोड़ बावड़ी निवासी देशराज उर्फ लवकुश ने नरवर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी अवैध हथियारों से लैस होकर एक राय होकर उसके घर में घुसे, गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की नीयत से बंदूक से गोली चला दी। गोली फरियादी के बजाय घर में रखे कूलर में जा लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फरियादी की रिपोर्ट पर नरवर पुलिस ने अपराध क्रमांक 153/26 के तहत धारा 307 (हत्या का प्रयास) व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर उप जेल करैरा भेज दिया था। हालांकि, दीपक उर्फ दीपू गुर्जर (पुत्र रनवीर गुर्जर) लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने इनाम भी घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
शिवपुरी एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा चलाए जा रहे फरार व इनामी अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी रामदास प्रजापति और एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरवर अरुण प्रताप भदौरिया के नेतृत्व में मगरौनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह राजावत व उनकी टीम ने ग्राम गढ़ोली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनामी आरोपी दीपक गुर्जर को गिरफ्तार कर वैधानिक प्रक्रिया के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
