जबलपुर के स्कूल में शिक्षक की बर्बरता: सातवीं की छात्रा पर फेंका डस्टर,

देश विदेश

जबलपुर,

जबलपुर(HRIDAY STAMBH);मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की संवेदनहीनता और बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंगानगर स्थित ‘पीएम श्री रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय’ में कक्षा सातवीं की छात्रा पर शिक्षक ने गुस्से में आकर भारी डस्टर फेंक दिया। डस्टर सीधे छात्रा के सिर पर लगा, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर कक्षा में ही गिर पड़ी। मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​सिर से बहता रहा खून, क्लास में कैद रखा

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा सातवीं की पढ़ाई के दौरान शिक्षक आशीष जैन ने छात्रा पर अचानक डस्टर फेंककर मारा। चोट इतनी गंभीर थी कि बच्ची का सिर फट गया और भारी मात्रा में खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी शिक्षक ने अपनी करतूत छुपाने के लिए छात्रा के सिर पर रुमाल बांध दिया। घायल बच्ची दर्द से कराहते हुए घर जाने की गुहार लगाती रही, लेकिन शिक्षक ने उसे न तो इलाज के लिए जाने दिया और न ही घर जाने की इजाजत दी।

​सहपाठियों ने दी जानकारी, अस्पताल में ICU भर्ती

​छात्रा की हालत नाजुक होती देख उसकी सहपाठियों ने हिम्मत दिखाकर स्कूल के अन्य शिक्षकों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने परिजनों को सूचित किया। बदहवास परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्ची को निजी अस्पताल ले गए। सिर में गंभीर चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल छात्रा का MRI (एमआरआई) कराया और स्थिति गंभीर होने पर उसे आईसीयू (ICU) में भर्ती कर इलाज शुरू किया।

​पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी शिक्षक आशीष जैन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल स्कूल स्टाफ और कक्षा में मौजूद अन्य प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के बयान दर्ज कर रही है, जिसके आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *